निशांत राजपूत, सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में नेशनल हाईवे-44 पर छपारा बंजारी घाट के पास देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां कारों से भरे एक बड़े कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कंटेनर सहित उसमें लदी 6 कारें जलकर पूरी तरह खाक हो गई। वहीं जांच के लिए जा रही पुलिस टीम का वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें थाना प्रभारी TI समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ये भी पढ़ें: दमोह में बारिश का कहर! कच्चे मकान की दीवार ढही, मलबे में दबने से महिला की मौत
6 कारों से भरा कंटेनर बना आग का गोला
मिली जानकारी के अनुसार सिवनी के एनएच-44 पर छपारा बंजारी घाट के समीप एक कंटेनर नई कारों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान कंटेनर में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। कंटेनर में लदी कारों में डीजल और पेट्रोल भरा होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
स्थानीय स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन कारों की टंकियों में भरे ईंधन के कारण आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते पूरा कंटेनर और उसमें रखी 6 कारें जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गईं।

जांच के लिए निकली पुलिस टीम की गाड़ी पलटी; TI, ASI और आरक्षक घायल
घटना की सूचना मिलते ही छपारा थाने से पुलिस बल मौके के लिए रवाना हुआ लेकिन रास्ते में पुलिस टीम खुद हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में टीआई, एएसआई और आरक्षक तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल उपचार के लिए छपारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पत्रकारों के साथ बदतमीजी, मोबाइल छीना
हादसे के दौरान मौके पर उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई जब कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों और स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ ड्राइवरों ने अभद्रता शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद ड्राइवर यूनियन से जुड़े कुछ लोगों ने पत्रकारों के साथ बदतमीजी की और घटना का वीडियो बना रहे कुछ पत्रकारों के मोबाइल भी छीन लिए।

ये भी पढ़ें: पेट्रोल पंप से महज 10 कदम दूर धधकीं लपटें, SDOP-TI और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
यातायात बहाल करने में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही अन्य थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने हाईवे पर जले हुए कंटेनर व कारों के मलबे को सुरक्षित रूप से हटवाकर दोनों तरफ लगे लंबे ट्रैफिक जाम को खुलवाने और यातायात सुचारू कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पत्रकारों से बदतमीजी करने वालों की पहचान कर उन पर वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


