दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। शहर के मुख्य बाजार सतरस्ता स्थित पेट्रोल पंप से सटी दुकानों में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि आग पेट्रोल पंप की दिशा में नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
समय पर कार्रवाई, टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर मौजूद SDOP जितेंद्र पाठक और कोतवाली टीआई गौरव बुंदेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग की विभीषिका को देखते हुए नर्मदापुरम नगरपालिका की 3 फायर ब्रिगेड के अलावा इटारसी नगरपालिका और SPM की CISF यूनिट से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।
ये भी पढ़ें: मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा: खाटू श्याम जा रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई, 4 लोगों की मौत
आग बुझाने के लिए JCB से शटर तोड़कर अंदर पानी की बौछारें की गईं और एहतियातन इलाके की बिजली बंद करा दी गई। पेट्रोल पंप के अग्निशामक यंत्रों का भी प्रयोग किया गया। SDOP जितेंद्र पाठक की तत्परता ओर टीआई गौरव बुन्देला के साथ पुलिस टीम और स्थानीय लोगों व पार्षद राजेंद्र उपाध्याय के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
छोटे व्यापारियों का भारी नुकसान
नगर पालिका की ओर से रखवाए गए टपों में छोटे व्यापारी दुकानें संचालित करते हैं। इस हादसे में 5 दुकानें और फुटपाथ पर ठेला लगाने वाले 3 विक्रेताओं का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, 20 लाख रुपये से ज्यादा के नुकसान की आशंका है। पीड़ित दुकानदार गौरव बागरी ने बताया कि उनकी दुकान में रखा लगभग 10 लाख रुपये का माल जल गया। वहीं दुकानदार ओम प्रकाश परमार की दुकान में रखी 3 लाख रुपये की रक्षाबंधन की राखियां और 3 लाख की बरसाती पन्नी पूरी तरह नष्ट हो गई। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शुरुआती तौर पर शार्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


