तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां बैल को बचाने कुएं में उतरे तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि जहरीली गैस की चपेट में तीनों को दम घुटने से मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कामय कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। यह पूरा मामला अमरपाटन थाना क्षेत्र का है।

अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जानकारी के अनुसार, एक बैल कुएं में गिर गया था। उसे बचाने के लिए तीन ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतरे, लेकिन कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे के दौरान एक अन्य ग्रामीण भी कुएं में उतरा, जो जहरीली गैस के असर से बेहोश हो गया। उसे तत्काल बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें: सड़क हादसे में गई जान या फिर हत्या ? कब्र से बाहर निकाला गया युवती का शव, सामने आएगा मौत का राज ?

घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा कि इस हादसे में कृष्ण कुमार यादव (28), वीरेंद्र यादव (47) और राहुल यादव (34) की मौत हुई है।

SDOP ख्याति मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि तीन लोग कुएं के अंदर है। जिसके बाद मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पता चला कि एक बैल कुएं में गिर गया था। जिसे बचाने के लिए चार लोग अंदर गए थे। तीनों को असहज स्थिति उत्पन्न हुई। इसके बाद गांव वालों ने बाहर निकाला। चार लोग कुएं के अंदर गए थे, जिन्हें बाहर निकाला गया है। हॉस्पिटल में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक का इलाज में जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m