कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी शहर जबलपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मेले में झूला झूलते वक्त सोशल मीडिया के लिए रील (Reel) बनाने के चक्कर में बड़ा हादसा हो गया। गोल घूमने वाले झूले का अचानक गेट खुलने से दो बच्चे नीचे आ गिरे, जिससे इस दुर्घटना में एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है।
अचानक खुला दरवाजा और बच्चे नीचे गिरे
दरअसल मेला परिसर में लगे गोल घूमने वाले झूले में बच्चे सवार होकर आनंद ले रहे थे। इसी दौरान घायल बच्ची पल्लवी झूले के दरवाजे से टिककर मोबाइल से रील बना रही थी। रील बनाने में मशगूल होने के दौरान अचानक झूले का दरवाजा खुल गया। दरवाजा खुलते ही संतुलन बिगड़ने से पल्लवी और एक अन्य लड़का झूला चलते वक्त नीचे आ गिरे। इस भीषण हादसे में बच्ची पल्लवी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरा बच्चा भी घायल हुआ है।
निजी अस्पताल में भर्ती, स्थिति खतरे से बाहर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गनीमत यह रही कि समय पर इलाज मिलने के कारण दोनों बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, हालांकि पल्लवी को गंभीर चोट के चलते विशेष निगरानी में रखा गया है।
नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
घटना की सूचना मिलते ही लार्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मेले में संचालित हो रहे झूले के सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन किया जा रहा था या नहीं। लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बच्चों के रिश्तेदारों ने भी इस हादसे पर गहरी चिंता जताई है और झूला संचालकों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली असावधानी और सुरक्षा जोखिमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

