कतरास। बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र की न्यू आकाशकिनारी कोलियरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी। जीटीए के हाल रोड पर करीब सुबह 5:30 बजे एक भारी वाहन की चपेट में आने से कैलूडीह निवासी मधुसूदन यादव (53) की मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मधुसूदन यादव सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान वह ओबी डंपिंग में लगे वाहन की चपेट में आ गए। वाहन के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने हाल रोड को जाम कर दिया। इसके चलते ओबी डंपिंग से जुड़ा परिवहन कार्य भी रोक दिया गया। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर लगातार खतरा बना रहता है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग उठाई।
पुलिस-CISF मौके पर, स्थिति संभाली
मामले की जानकारी मिलते ही कतरास थाना पुलिस और CISF के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।वार्ड नंबर दो के पार्षद मो. शहाबुद्दीन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
वाहन की पहचान और हादसे की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी में हादसा आउटसोर्सिंग कंपनी के ओबी डंपिंग कार्य में लगे वाहन से होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, वाहन की स्पष्ट पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।फिलहाल लोग शव के साथ मौके पर मौजूद हैं। कोलियरी प्रबंधन और कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



