अंबाला। अंबाला कैंट के सैन्य क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल जा रहा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 6 स्कूली बच्चे घायल हो गए।
महिला को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। ऑटो चालक अनिल डिफेंस कॉलोनी से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। जैसे ही ऑटो सर्किट हाउस के पास पहुंचा, सामने से एक महिला एक्टिवा पर आ गई।
चालक के अनुसार, महिला को बचाने के लिए उसने अचानक ऑटो मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर पलट गया।
स्कूल के छात्र हैं सभी घायल बच्चे
हादसे में घायल सभी बच्चे मिक्की मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हैं।घायलों की पहचान विहान, सुरभि, आकाश, चाहत, साहिल और पायल के रूप में हुई है, जो चौथी से आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं।
अस्पताल में चल रहा उपचार
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से बच्चों को नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य है और उनका इलाज जारी है।
परिजन और स्कूल स्टाफ पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन और स्कूल के शिक्षक भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

