फ़रीदाबाद। फरीदाबाद के खेड़ी पुल क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भारत कॉलोनी स्थित Hans Memorial Public School में पढ़ाई के दौरान निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की दीवार अचानक स्कूल की छत पर गिर गई। हादसे में यूकेजी कक्षा के चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य बच्चों को हल्की चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 9 बजे तेज आंधी चल रही थी। इसी दौरान स्कूल के साथ बन रही इमारत की दीवार का बड़ा हिस्सा टूटकर स्कूल की छत पर आ गिरा। दीवार के भारी दबाव से छत टूट गई और मलबा सीधे कक्षा में बैठे बच्चों पर गिर पड़ा।

हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चों की पहचान दीप्ती, दिव्या, मीरा और नंदू के रूप में हुई है। सभी बच्चों की उम्र 6 से 7 वर्ष के बीच बताई जा रही है और उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों को तुरंत इलाज के लिए B.K. Hospital ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। खेड़ी पुल थाना पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।