गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हाईवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद युवक सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया।

हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र स्थित नंदरामपुर बास गांव निवासी 36 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संदीप एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मुंशी के पद पर कार्यरत था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात वह अपनी बाइक से पटौदी के खलीलपुर स्थित ससुराल जा रहा था। इसी दौरान पुराने टोल के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।