इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास एक यात्री नाव में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है और 41 लोग अभी भी लापता हैं. राहत और बचाव के लिए कई जहाजों को लगाया गया है. इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के मुताबिक, फेरी में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 271 लोग सवार थे. वीडियो में जहाज से घना काला धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया, जबकि बचाव अभियान जारी रहा.

फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर जा रही थी, इसी दौरान जावा के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित मदुरा द्वीप के पास फेरी में आग लग गई.

इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार सुबह समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया. ‘मुटियारा सेंटोसा 2’ नाम का यह जहाज सुराबाया के एक बंदरगाह से मकासर जा रहा था, तभी यात्रा के कुछ घंटों बाद जहाज के कैप्टन ने आग लगने की सूचना दी. हादसे में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. 

रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए कई जहाजों को तैनात किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों और सामान को बचाव जहाजों पर स्थानांतरित किया जा रहा था. स्थानीय समयानुसार सुबह 11:20 बजे तक, लगभग 40 लोग फेरी पर ही थे. अधिकारी आसपास के समुद्री इलाके में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं.

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, जब फेरी में आग लगी, तो उसमें लगभग 250 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे. एजेंसी के डेटा के मुताबिक, रविवार दोपहर को फेरी में 271 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे, आग लगने के बाद कई जहाजों की मदद से बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चला कर  225 को बचा लिया गया है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि फेरी में आग कैसे लगी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m