दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीवर पाइपलाइन के काम के दौरान लोधी होटल के पास एक निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई, जिससे वहां काम कर रहे 3 मजदूर मलबे में दब गए। यह घटना रात करीब 1:18 बजे की बताई जा रही है। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे में मलबे में दबे तीनों मजदूरों की पहचान कर ली गई है। हादसे में 55 वर्षीय देवेंद्र पुत्र अमीचंद की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, मृतक देवेंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है। वहीं घायल मजदूरों की पहचान राजेश (48) पुत्र भगवती और उमर (20) पुत्र मुन्ना के रूप में हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है।
हादसे के बाद मदद में जुटे स्थानीय लोग
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को रात करीब 1:18 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। एसटीओ मनोज के अनुसार, सीवेज पाइपलाइन के काम के दौरान दीवार गिरने से तीन लोग मलबे में फंस गए थे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाकर दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों घायलों को पीसीआर और कैट्स एम्बुलेंस की मदद से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद एक अन्य मजदूर को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो चुकी है, जबकि दो का इलाज जारी है।
ग्रेटर कैलाश-1 में टाटा कम्युनिकेशंस ऑफिस में भीषण आग
दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में देर रात एक मल्टी-स्टोरी ऑफिस बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। यह घटना सावित्री सिनेमा के सामने स्थित टाटा कम्युनिकेशंस ऑफिस में रात 2:47 बजे सामने आई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने शुरुआती तौर पर 7 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में इनकी संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई। स्थिति बिगड़ने पर रात 3:01 बजे “मेक-4” का संदेश जारी किया गया, जिससे अतिरिक्त संसाधन भी मौके पर लगाए गए।
आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब ढाई घंटे का समय लगा। इस दौरान फायर फाइटिंग के दौरान दो दमकलकर्मी घायल हो गए, जिनके हाथ झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए एसजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच की जा रही है कि आग लगने की वजह क्या थी और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। आग पर काबू सुबह 5.30 बजे तक पाया जा सका. यानी आग बुझाने में लगभग 2 घंटे 43 मिनट लगे. फिलहाल, आग के कारणों की जांच जारी है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

