दिल्ली में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस (Delhi Police) में बड़ा फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और डैनिप्स (DANIPS) अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि विभिन्न इकाइयों और जिलों में तैनात अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। यह बदलाव प्रशासनिक जरूरतों और पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया बताया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार संभालें।


उपराज्यपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद पर कार्यरत IPS अधिकारी शरद भास्कर दराडे को अब DCP मुख्यालय-3 नियुक्त किया गया है। वहीं, बाहरी-उत्तरी दिल्ली के DCP रहे वी. हरेश्वर स्वामी को पश्चिमी दिल्ली जिले का नया DCP बनाया गया है। उनसे पहले यह जिम्मेदारी शरद भास्कर दराडे संभाल रहे थे। इसके अलावा, DCP मुख्यालय-3 के पद पर तैनात जिमी चिराम को अब DCP यातायात (Traffic) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल के साथ राजधानी में कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
किन अधिकारियों का हुआ तबदला?
जारी आदेश के अनुसार, राहुल अलवाल का तबादला एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) से उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) पद पर किया गया है। इसके अलावा, शोभित डी सक्सेना को बाहरी-उत्तर जिले का DCP नियुक्त किया गया है। वहीं, निहारिका भट्ट को अतिरिक्त DCP-1 (उत्तर जिला) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फेरबदल के तहत नेहा Yadav को DCP पीएमएमसी (PMMC) के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही उनके पास DCP एसपीयूडब्ल्यूएसी (SPUWAC – विशेष महिला एवं बाल पुलिस इकाई) का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
सुरक्षा और लाइसेंसिंग विंग में भी बदलाव
आदेश के अनुसार, जितेंद्र मणि को सुप्रीम कोर्ट सुरक्षा के DCP पद से स्थानांतरित कर DCP सुरक्षा नियुक्त किया गया है। वहीं ऐश्वर्या शर्मा का तबादला अतिरिक्त DCP-1 दक्षिण-पूर्व जिले से DCP लाइसेंसिंग के पद पर किया गया है। अन्येश रॉय DCP इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशन्स (IFSO) के पद पर बने रहेंगे। उनके पास अब तक DCP लाइसेंसिंग का अतिरिक्त प्रभार भी था, जिसे नई नियुक्ति के बाद हटा लिया गया है। इसके अलावा, ईशा सिंह को DCP कल्याण (Welfare) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविनंदन बी एम को पदोन्नति देकर उत्तर-पश्चिम जिले में अतिरिक्त DCP-1 नियुक्त किया गया है, जबकि विकास मीणा को द्वारका जिले में अतिरिक्त DCP-1 बनाया गया है। वहीं, सुलेखा को सुरक्षा इकाई में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए DCP सुरक्षा के पद पर तैनात किया गया है।
DANIPS के किन अधिकारियों का तबदला?
आदेश के मुताबिक, दीपक यादव को दिल्ली सशस्त्र पुलिस (DAP) की चौथी बटालियन का DCP नियुक्त किया गया है। वहीं, सतीश कुमार का तबादला ट्रैफिक यूनिट से रोहिणी जिले में अतिरिक्त DCP-1 के पद पर किया गया है। इसके अलावा, चंद्र कुमार सिंह को DCP क्राइम ब्रांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों की जांच से जुड़ी इस इकाई में उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फेरबदल के तहत आलोक कुमार सिंह को DCP आर.पी. भवन नियुक्त किया गया है, जबकि अभिषेक कुमार को अतिरिक्त DCP-II, दक्षिण-पश्चिम जिले के पद पर तैनात किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

