गन्नौर। सोनीपत के गन्नौर इलाके में अवैध निर्माण और बिना मंजूरी के काटी जा रही कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को सोनीपत नगर योजनाकार विभाग यानी टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ जीटी रोड पर बने एक निर्माणाधीन दफ्तर को जमींदोज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी हंगामा भी देखने को मिला। दफ्तर के मालिक और स्थानीय नेताओं ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए विभाग पर पक्षपात करने के आरोप लगाए हैं।

राजनीतिक द्वेष के तहत हुई कार्रवाई: महिपाल पांची

जिस दफ्तर पर विभाग का पीला पंजा चला है, वह पूर्व जिला पार्षद और कांग्रेस नेता महिपाल पांची का था। दफ्तर टूटने के बाद नाराज कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि विभाग ने उन्हें पहले से कोई नोटिस या चेतावनी नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि जीटी रोड पर और भी कई निर्माण कार्य चल रहे हैं, लेकिन टीम ने केवल उनके ही कार्यालय को निशाना बनाया। पांची ने आरोप लगाया कि विपक्ष का नेता होने के कारण राजनीतिक द्वेष के तहत उनके खिलाफ यह एकतरफा कार्रवाई की गई है।

अवैध कॉलोनी की जमीन पर हो रहा था निर्माण: अधिकारी

दूसरी तरफ, भेदभाव के इन आरोपों को जिला नगर योजनाकार अधिकारी अजमेर सिंह ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि यह दफ्तर एक अवैध कॉलोनी की जमीन के भीतर बनाया जा रहा था, जिसके लिए प्रशासन से कोई मंजूरी नहीं ली गई थी। अधिकारी ने बताया कि विभाग की ओर से निर्माण रोकने के लिए मालिक को पहले ही नियमानुसार नोटिस जारी किया जा चुका था। उन्होंने कहा कि लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और बिना अनुमति के जमीन की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मंडी के पास अवैध प्लॉटिंग पर भी हुई बड़ी कार्रवाई

इस कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने केवल दफ्तर ही नहीं ढहाया, बल्कि टेहा गांव के पास चल रहे एक और अवैध धंधे पर भी चोट की। टीम ने गांव की जमीन पर नई अनाज मंडी के पास बिना किसी सरकारी परमिशन के काटी जा रही एक नई कॉलोनी पर भी कार्रवाई की। वहां भूमाफियाओं द्वारा अवैध रूप से प्लॉटिंग करने के लिए जो कई प्लॉटों की नींव (डीपीसी) रखी गई थी, उन्हें जेसीबी मशीन से पूरी तरह तोड़ दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान एटीपी मंदीप और स्थानीय पुलिस की टीम सुरक्षा के लिए मौके पर मुस्तैद रही।