गुलशन कुमार , नारनौल। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नांगल चौधरी पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
रात्रि गश्त के दौरान संयुक्त टीम ने गांव नियामतपुर की पहाड़ियों में छापेमारी की, जहां रात के अंधेरे में अवैध खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पत्थर भरे जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से पत्थरों से लदी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया।
माइनिंग विभाग ने नियमों का उल्लंघन कर अवैध खनन और अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर तीनों वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिला पुलिस अवैध खनन के साथ-साथ इसके अवैध परिवहन पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। इसी महीने अब तक अवैध माइनिंग और अवैध परिवहन में लिप्त कुल 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा जा चुका है।
पुलिस और माइनिंग विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी संयुक्त अभियान जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

