सोनू वर्मा ,नूंह। नूंह जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। एआरटीआई कार्यालय की टीम ने फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में चार ओवरलोड वाहनों के ऑनलाइन चालान काटते हुए कुल 2 लाख 10 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई के बाद ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार एआरटीआई कार्यालय से भारत भूषण और मनीष सहगल की अगुवाई में टीम ने बसई के पास नूंह-होडल रोड और एक्सप्रेसवे पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई भारी वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चलते पाए गए।
मौके पर ही जारी किया गया ई-चालान
नियमों का उल्लंघन सामने आने पर विभाग ने मौके पर ही ऑनलाइन ई-चालान जारी कर दिए। अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड वाहन सड़क हादसों की बड़ी वजह बनते हैं। इससे न केवल सड़कें जल्दी खराब होती हैं बल्कि आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।
अधिकारियों ने साफ कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे और नूंह-होडल रोड पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। ऐसे में विभाग की इस कार्रवाई से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

