० पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग से भी जुड़ा एक आरोपी, विदेश में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े हैं तार

करनाल। हरियाणा STF की करनाल टीम ने गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। STF ने आरोपियों के कब्जे से 5 विदेशी हथियार और एक थार गाड़ी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों के तार विदेश में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े हैं।

STF के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी अलग-अलग राज्यों से हैं। इनमें हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के आरोपी शामिल हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी अलग-अलग वारदातों में शामिल रहे हैं और विदेश में बैठे दो अलग-अलग गैंग के संपर्क में थे।

दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग से जुड़ा आरोपी

STF के DSP अमन कुमार राय ने बताया कि पांचों आरोपियों को करनाल नेशनल हाईवे से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों में से एक बदमाश करनाल के निसिंग क्षेत्र में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर हुई फायरिंग की वारदात में भी शामिल था।

इसके अलावा आरोपियों पर यमुनानगर में एक व्यापारी के शोरूम पर फायरिंग करने का भी आरोप है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इन वारदातों के पीछे किस गैंग का हाथ था और उन्हें विदेश में बैठे गैंगस्टरों से किस तरह के निर्देश मिल रहे थे।

दो अलग-अलग गैंग से जुड़े होने का शक

STF DSP ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश दो अलग-अलग गैंग से जुड़े हुए हैं। पुलिस इस कनेक्शन की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, पांच आरोपियों में से तीन के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब STF आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनके गैंग कनेक्शन की भी जांच करेगी।

कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी STF

STF की टीम गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर हथियारों की सप्लाई, गैंगस्टरों से संपर्क और फायरिंग की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ करेगी।

STF को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में विदेश में बैठे गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।