राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के खरगोन में जिला पुलिस ने अवैध हथियारों के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। भगवानपुरा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 10 अवैध देशी पिस्टल और 07 अतिरिक्त मैगजीन बरामद की गई हैं। जब्त किए गए इन हथियारों की बाजार में कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बस के इंतजार में खड़ा था तस्कर
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप सप्लाई होने जा रही है। इस पर भगवानपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिपल्या बावडी रोड पर घेराबंदी की। वहां बस का इंतजार कर रहे नवलपुरा निवासी 21 वर्षीय सिकलीगर आरोपी राजपालसिंह को पुलिस ने संदेह के आधार पर दबोचा। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से एक के बाद एक 10 अवैध देशी पिस्टल और 7 एक्स्ट्रा मैगज़ीन बरामद हुईं।
UP के मौलाना सज्जाद नोमानी के ‘हिंदू बहुसंख्यक नहीं’ बयान पर सियासी उबालः साधु-संतों और बीजेपी में आक्रोश
पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
पकड़ा गया आरोपी राजपालसिंह अवैध हथियारों की सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हथियार कहाँ सप्लाई होने थे और इस अवैध तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।

