रेणु अग्रवाल, धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के जल संसाधन विभाग के अमीन पटवारी के पद पर कार्यरत राज दिनकर को ₹10 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त इंदौर की टीम ने ट्रैप किया।
खेती के पट्टे के लिए मांगी थी रिश्वत
दरअसल आवेदक दयाराम पटेल ग्राम आमला निवासी द्वारा तालाब की रिक्त भूमि पर खेती के पट्टे के लिए जल संसाधन विभाग धार के अमीन राज दिनकर से बात की। अमीन ने उनका आवेदन खुद बनाया और लिया एवं अमीन राज दिनकर के द्वारा पट्टा स्वीकृत करने हेतु रिश्वत की राशि की मांग की गई। पट्टे की फीस के नाम पर ₹30 हजार की मांग की गई है
आवेदक रिश्वत देना नहीं चाहता था। आवेदक ने इसकी शिकायक लोकायुक्त इंदौर एसपी राजेश सहाय को की।
अवकाश के दिन रिश्वत लेने पहुंचा था
शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप दल का गठन किया और आज अवकाश बाद आरोपी राज दिनकर इंदौर से धार रिश्वत लेने के लिए पहुंचा। आवेदक ने रिश्वत लेने के लिए आरोपी को अपने किराए के घर पर बुलवाया। लोकायुक्त की टीम आसपास तैनात थी। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ₹10 हजार ली, उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। दल में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, आरक्षक विजय कुमार, आदित्य सिंह भदोरिया, कमलेश परिहार, अनिल परमार, रामेश्वर निंगवाल शामिल थे।

