० नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया वाहन, पांच मोबाइल भी बरामद; तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
सोनू वर्मा, नूंह। नूंह पुलिस ने गौवंश की कथित तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुनहाना क्षेत्र से 16 गायों से भरा एक कैंटर जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामद सभी गायों को सुरक्षित फिरोजपुर झिरका स्थित गौशाला भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सदर थाना पुनहाना के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार को सूचना मिली थी कि सिकरावा की ओर से गोढ़ौला की तरफ एक कैंटर में गायों को ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव गोढ़ौला स्थित पेठा कंपनी के पास नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध कैंटर (KA-18-C-5858) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 16 गायें बरामद हुईं। मौके से पुलिस ने किफायत निवासी जड़ौली (नूंह), जयनाथ निवासी कर्नाटक और अमर निवासी कर्नाटक को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गौवंश को कहां से लाया गया था, कहां ले जाया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नूंह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गौवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


