राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में प्रशासनिक कामकाज को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला प्रशासन की मुखिया डीसी अपराजिता ने समाधान शिविर में देरी से पहुंचने और अनुपस्थित रहने वाले 18 सरकारी विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी करने का सख्त आदेश दिया है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।

समाधान शिविर में अफसरों की लापरवाही

गुरुवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में बड़ी संख्या में आम लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। लेकिन कई विभागों के अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे और कुछ अनुपस्थित रहे। इस ढिलाई को देखते हुए डीसी ने तुरंत संज्ञान लिया और अनुपस्थित तथा देर से आने वाले अधिकारियों से जवाब मांगने के निर्देश दिए।

जनता की समस्याओं पर कड़ा रुख

शिविर के दौरान डीसी ने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लोगों की समस्याओं को टालने की कोशिश न करे। यदि किसी समस्या में दो अलग विभागों की भूमिका है, तो दोनों विभाग आपस में मिलकर काम करें ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

नियमित समीक्षा और सख्त निर्देश

जिले में हर सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जाते हैं। राज्य के मुख्यमंत्री खुद इन शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हैं। डीसी ने स्पष्ट किया है कि शिकायतों के समाधान की रिपोर्ट समय पर दर्ज की जानी चाहिए। काम में ढिलाई बरतने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m