परवेज खान, यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। सिंचाई विभाग की टीम ने दादूपुर पुल के पास सड़क किनारे रखे करीब 15 खोखों को पूरी तरह हटा दिया है। विभाग की जेसीबी ने एक-एक कर सभी खोखों को ध्वस्त कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।

दुकानदारों का आरोप, बिना तैयारी के हुआ भारी नुकसान
कार्रवाई के दौरान कई स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन का कड़ा विरोध किया। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले करीब 30 सालों से यहां अपनी छोटी-मोटी दुकानें लगाकर परिवार का पेट पाल रहे थे। उनका आरोप है कि इस अचानक हुई कार्रवाई से उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है। दुकानदारों के मुताबिक हर एक खोखे वाले को करीब 30 हजार रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ा है।

विभाग का दावा, साल 2024 से लगातार दिए जा रहे थे नोटिस
दूसरी तरफ सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने इस कार्रवाई को पूरी तरह कानून के मुताबिक बताया है। विभाग के एसडीओ अजय कटारिया ने जानकारी दी कि जमीन खाली करने के लिए साल 2024 से ही लगातार नोटिस दिए जा रहे थे। इतना ही नहीं, चार दिन पहले भी पूरे इलाके में मुनादी कराकर यानी ढोल बजवाकर लोगों को खुद ही अपना सामान हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद जब जगह खाली नहीं की गई, तब विभाग को यह कदम उठाना पड़ा।

पक्की दुकानों को भी मिला 15 दिन का आखिरी मौका
सिंचाई विभाग ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि दादूपुर पुल के पास विभाग की जमीन पर जो पक्की दुकानें बनी हुई हैं, उन्हें भी 15 दिन का आखिरी नोटिस दे दिया गया है। अगर तय समय के अंदर इन दुकानों को खाली नहीं किया गया, तो उन पर भी इसी तरह बुलडोजर चलाकर उन्हें हटा दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

