कैथल। कैथल पुलिस ने नशा मुक्त जिला अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गीता के नेतृत्व में डेरा गरजा सिंह क्षेत्र में चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने डेरा गरजा सिंह निवासी अमरीक उर्फ जोनी को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके घर में फर्श के नीचे दबाकर रखी गई एक टंकी से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब 400 लीटर लाहण बरामद किया गया।

फर्श के नीचे छिपाकर रखी गई थी प्लास्टिक टंकियां
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मकानों में फर्श के नीचे छिपाकर रखी गई तीन प्लास्टिक टंकियों को भी नष्ट कर दिया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज किया गया है।


जारी रहेगी कार्रवाई

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस का कहना है कि जिले भर में ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।