हिसार। हरियाणा के हिसार से शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शहर में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने व्यापक विकास योजना को मंजूरी दे दी है।

लघु सचिवालय के सभागार में हुई विशेष समिति की चौथी समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब फाइलों में देरी नहीं चलेगी, बल्कि सभी परियोजनाओं पर तुरंत जमीनी काम शुरू होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सिक्स लेन बनाने की दिशा में तकनीकी बाधा हुई दूर
बैठक में शहर के कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण, नए स्लिप रोड और रोटरी निर्माण के प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी दी गई। इसके तहत लक्ष्मीबाई चौक से टाउन पार्क तक के मार्ग को सिक्स लेन बनाने की दिशा में अब सभी तकनीकी बाधाएं दूर कर दी गई हैं। संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी मिल चुका है।

इसी तरह सिरसा चुंगी से क्लॉथ मार्केट तक सड़क को भी सिक्स लेन किया जाएगा और यहां बिजली की तारों को भूमिगत करने का काम भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की व्यवस्था और सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी।

आईटीआई चौक अब “रिंग चौक” के रूप में होगा विकसित
शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल आईटीआई चौक को अब आधुनिक “रिंग चौक” के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यातायात को सुचारू किया जा सकेगा। वहीं जहाज पुल चौक का पुनर्निर्माण कर उसका आकार छोटा किया जाएगा, जबकि जिंदल चौक और 9/11 चौक पर सुंदर रोटरी बनाई जाएंगी।

डाबड़ा जंक्शन के पुनर्विकास का टेंडर फाइनल हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

राजगढ़ रोड पर यातायात दबाव कम करने के लिए राजकीय कॉलेज के सामने से कैमरी रोड को तोशाम रोड से जोड़ने वाली नई आंतरिक बाईपास सड़क भी बनाई जाएगी।


45 मीटर चौड़ी नई कनेक्टिविटी सड़क को मिली मंजूरी
इसके अलावा सेक्टर-14, सेक्टर-14 पार्ट-2 और सेक्टर-33 के निवासियों को बड़ी राहत देते हुए सिरसा चुंगी के माध्यम से 45 मीटर चौड़ी नई कनेक्टिविटी सड़क को मंजूरी दी गई है।

शहर के अन्य क्षेत्रों जैसे तुलसी चौक और बस अड्डा क्षेत्र में भी स्लिप रोड और सड़क विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ेगा। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पास से बस स्टैंड की ओर जाने वाली स्लिप रोड का टेंडर भी जल्द खोला जाएगा।

कुल मिलाकर इस योजना का उद्देश्य हिसार में ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक बनाना, जाम की समस्या खत्म करना और शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।