दीपक भारद्वाज, पलवल। हरियाणा के पलवल जिले से अपराध और अपराधियों पर पुलिसिया कार्रवाई की एक बड़ी खबर सामने आई है। पलवल पुलिस के सीआईए (CIA) स्टाफ ने साल 2025 में पातली खुर्द गांव में हुए एक बेहद चर्चित और जानलेवा हमले के मामले में तीन और फरार आरोपियों को धर-दबोचा है। जिले के एसपी नीतीश अग्रवाल के कड़े दिशा-निर्देशों पर काम करते हुए पुलिस टीम ने इस बड़ी कामयाबी को हासिल किया है। पकड़े गए ताजा आरोपियों की पहचान पातली खुर्द गांव के ही रहने वाले राहुल, सचिन और सुरेश के रूप में हुई है। इस खूनी बवाल मामले में पुलिस अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

शामलात जमीन के विवाद में ग्रामीणों पर चला दी थीं गोलियां

सीआईए पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला पिछले साल 28 मार्च का है। पातली खुर्द गांव के रहने वाले लखनपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गांव के लोग शामलात देह यानी पंचायत की साझी जमीन पर शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि आर. सी. अग्रवाल नाम के एक व्यक्ति ने सरकारी कागजात में हेरफेर करके गलत तरीके से इस जमीन पर अपना नाम चढ़वा लिया था। विवाद तब बढ़ा जब अशोक नाम का शख्स आर. सी. अग्रवाल के कहने पर उस जमीन को ट्रैक्टर से जोतने पहुंच गया। जब धरने पर बैठे ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो अशोक अपने पूरे परिवार और बाहर के भाड़े के बदमाशों को हथियारों के साथ मौके पर बुला लाया।

बदमाशों के पास थे देसी कट्टे, पिस्तौल, कुल्हाड़ी और हथौड़े। उन्होंने धरने पर बैठे बेकसूर ग्रामीणों पर जान से मारने की नीयत से सीधे गोलियां दाग दीं और दहशत फैलाने के लिए हवा में भी कई राउंड फायर किए। इसके बाद बदमाशों ने ग्रामीणों को हथौड़ों, लोहे के सरियों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस खूनी हमले में विपिन, विनोद, राहुल और मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। जाते-जाते हमलावर धमकी दे गए थे कि अगर धरना खत्म नहीं किया, तो सबको जान से मार देंगे।

5 हजार का इनामी बदमाश भी जा चुका है जेल, रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

इस जघन्य वारदात के बाद सदर थाना पुलिस और सीआईए की टीमें लगातार हमलावरों की तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस इस मामले में पहले ही 9 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनमें सुभाष, अर्जुन, डालचंद, यादराम, राहुल, विशेष, भारतपाल और श्रीपाल शामिल हैं। इस लिस्ट में 5 हजार रुपए का इनामी बदमाश बलराम और मुख्य साजिशकर्ता अशोक भी शामिल हैं, जो पहले से ही जेल की हवा खा रहे हैं।

अब 13 जून को सीआईए की टीम ने राहुल, सचिन और सुरेश को भी दबोच लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान इनसे हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए जाएंगे और यह पता लगाया जाएगा कि फरारी के दौरान इन्हें किसने पनाह दी थी। पुलिस का कहना है कि इस वारदात से जुड़े किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।