चांडिल। सरायकेला-खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र में हुए निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में संलिप्त कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक, मोबाइल फोन और लोडेड देशी पिस्तौल बरामद की गई है।

24 अगस्त को हुई थी गोली मारकर हत्या

आसनबनी के टेंथ माइल स्टोन के पास 24 अगस्त को 33 वर्षीय निखार सबलोक को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

आरोपी की निशानदेही पर हथियार समेत सामान बरामद

चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह की निशानदेही पर बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देशी पिस्तौल, जिसमें एक जिंदा कारतूस था, बरामद किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

SIT ने तकनीकी साक्ष्यों से खोला मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम पुलिस की संयुक्त एसआईटी गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हुंडई आई-10 कार भी बरामद की थी।

अब तक सात आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इससे पहले 2 सितंबर को अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई दो पिस्टल भी बरामद हुई थीं।

कई आपराधिक मामलों में नाम

एसडीपीओ के अनुसार, अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बोडाम, मानगो, उलीडीह और आदित्यपुर थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।