दीपक भारद्वाज, पलवल। एंटी नारकोटिक सेल पलवल की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8.52 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अलीम निवासी नंगला अहसानपुर के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी विश्व गौरव की टीम ने यह कार्रवाई की।

निरीक्षक विश्व गौरव ने बताया कि एएनसी स्टाफ दीघोट के सहायक उप निरीक्षक सिराजूदीन अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित सराय फ्लाईओवर के नीचे गश्त और जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अलीम नामक युवक हाईवे के पास स्मैक बेचने के इरादे से खड़ा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से पॉलिथीन में रखी 8.52 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुंडकटी थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोतों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशा गतिविधियों की सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।