गुलशन कुमार , नांगल चौधरी। जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नांगल चौधरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना नांगल चौधरी में तैनात हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र अपनी टीम के साथ जैनपुर मोड़ क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोनू नामक व्यक्ति अपनी गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर निजामपुर की तरफ से नांगल चौधरी की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत निजामपुर-नांगल चौधरी मार्ग स्थित लुजोता मोड़ पर नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध गाड़ी आते दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चालक घबरा गया और वाहन को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को वाहन सहित पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार से 18 पेटी पव्वा, 3 पेटी बोतल और 1 पेटी अध्धा देशी शराब बरामद हुई। गिनती में कुल 900 पव्वे, 36 बोतलें और 24 अध्धे अवैध शराब पाए गए।
बिना लाइसेंस और परमिट के शराब परिवहन करने पर पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

