चतरा। चतरा के नगवां मोहल्ले में चोरों ने बंद घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। सदर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.50 लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े दस्तावेज चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिवार के साथ बाहर गया था मकान मालिक
सीआरपीएफ जवान सुनील कुमार सिंह ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, 28 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर हंटरगंज चले गए थे। घर में रहने वाला किरायेदार भी उस समय बाहर था।
घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने अलमारी समेत घर के दूसरे हिस्सों को खंगाला।
23 तरह के जेवर और कैश गायब
29 अगस्त की सुबह पड़ोसी ने फोन कर मकान मालिक को ताला टूटे होने की जानकारी दी। घर पहुंचने पर दरवाजा खुला मिला और सामान बिखरा हुआ था।
अलमारी की जांच करने पर हार, मंगलसूत्र, झुमका, अंगूठी और चेन समेत करीब 23 प्रकार के आभूषण गायब मिले। इसके साथ ही 1.50 लाख रुपये नकद और जमीन के जरूरी कागजात भी नहीं मिले।
चोरी में किसी परिचित पर शक
शिकायतकर्ता ने चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है। उन्होंने आशंका जताई है कि वारदात में किसी परिचित की भूमिका हो सकती है। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


