भुवनेश्वर। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) के प्रिंसिपल को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रिंसिपल ने स्कूल की एक महिला कर्मचारी के सेवा विस्तार (Service Extension) की सिफारिश करने के बदले में यह घूस मांगी थी।
सीबीआई अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला कर्मचारी का कार्यकाल बढ़ाने की सिफारिश उच्च अधिकारियों को भेजने के लिए प्रिंसिपल ने शुरुआत में 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित कर्मचारी द्वारा असमर्थता जताए जाने और बातचीत के बाद आरोपी प्रिंसिपल 12,000 रुपये लेने पर सहमत हुआ था। हालांकि, शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहती थी, इसलिए उसने मामले की शिकायत सीधे सीबीआई से कर दी।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया। योजनाबद्ध तरीके से जैसे ही शिकायतकर्ता महिला कर्मचारी ने प्रिंसिपल को 12,000 रुपये की रिश्वत की राशि सौंपी, घात लगाकर बैठी सीबीआई टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
रिश्वत की राशि बरामद करने के बाद आरोपी प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया गया है। सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आवासीय परिसर में तलाशी अभियान के साथ आगे की कानूनी जांच जारी रखी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

