सुमन चौहान, करनाल: हरियाणा के करनाल सेक्टर-12 स्थित जाट भवन में शुक्रवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता मुख्य रूप से हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। बैठक में संगठन की मजबूती और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंबेडकर लाइब्रेरी का नाम बदलने, पेपर लीक मामले और किसान संकट को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।
डॉ. अंबेडकर के नाम पर राजनीति बर्दाश्त नहीं: राव नरेंद्र सिंह
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गांवों में खोली गई पुस्तकालयों का नाम बदलने के सरकारी फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “हरियाणा सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर गांवों में जो लाइब्रेरी खोली गई थीं, उनका नाम बदलकर अटल लाइब्रेरी करने जा रही है। हम अटल जी का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज के निर्माता हैं। उनके नाम से चल रही योजनाओं को बदला नहीं जाना चाहिए। सरकार को अगर अटल जी के नाम पर कुछ करना है, तो कुछ नया शुरू करे।”
पेपर लीक मामले पर सरकार को घेरा
देश में हाल ही में हुए मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) के पेपर लीक मामले पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के घोटालों के कारण परीक्षा रद्द हुई और कई बच्चों ने मानसिक तनाव में आकर सुसाइड तक कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी बात शांति से कहने का जो लोकतांत्रिक हक है, उसे भी छीनने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी सरकार की इस तानाशाही नीति के कारण देश में हर दिन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
नामांकन रद्द करने के फैसले पर उठाए सवाल
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का पर्चा खारिज होने के मुद्दे पर भी राव नरेंद्र सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जिस उम्मीदवार के खिलाफ न तो कोई मामला दर्ज हुआ और न ही कोई चालान पेश हुआ, सिर्फ एक साधारण नोटिस के आधार पर उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। यह सरेआम लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब यह पूरी कार्रवाई की जा रही थी, तब सत्तारूढ़ दल के बड़े नेता उस संबंधित अधिकारी के कमरे के अंदर मौजूद थे, जो पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
किसानों की बदहाली और विदेश नीति पर घेरा
किसानों के मुद्दे पर सरकार को नाकाम बताते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान हमारे देश और प्रदेश की रीढ़ की हड्डी हैं। आज सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों को समय पर जरूरी चीजें नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने देश की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत सरकार को अमेरिका जैसे देशों के दबाव में आकर काम नहीं करना चाहिए। हमें किससे तेल खरीदना है और किससे नहीं, यह फैसला हमारा अपना होना चाहिए, न कि किसी बाहरी देश के आदेश पर।

