सुमन राजपूत ,करनाल। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। 10 ग्राम स्मैक बरामदगी मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए शिवम उर्फ हन्नी उर्फ टुंडा निवासी कलंदरी गेट, करनाल को काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना शहर करनाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

10 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल हुई थी बरामद
पुलिस जांच के अनुसार, इसी मामले में पहले साहिल उर्फ बांडा और सूरज उर्फ अंशुल को 10 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया था कि शिवम भी इस अवैध कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

कोर्ट ने दी एक दिन की पुलिस रिमांड
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शिवम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की खेप कहां से लाई जाती थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।