प्रारंभिक जांच में पंजाब और हरियाणा में बड़ी वारदात की साजिश का खुलासा, एक आरोपी फरार
करनाल। करनाल पुलिस की सीआईए-1 टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ अवैध हथियार और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। प्रारंभिक जांच में पंजाब और हरियाणा में बड़ी घटना की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है।
गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए-1 टीम ने कुटेल नेशनल हाईवे पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलानौर निवासी जतिन और पवन, खरखौदा निवासी राहुल तथा पानीपत के शहरमालपुर निवासी नवदीप और कपिल के रूप में हुई है। मामले में परमीत नामक एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। शुरुआती पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों के तार गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अभी विस्तृत जांच कर रही है।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पंजाब और हरियाणा के रोहतक में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी की जानकारी दी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे किए जा सकें।

