विनोद सैनी ,हिसार। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सीएम फ्लाइंग ने शनिवार तड़के बड़ा अभियान चलाया। हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों के चालान काटे गए। जांच में विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर 5 लाख 50 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

प्रदेश सरकार के निर्देशों पर सीएम फ्लाइंग हिसार की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ आरटीए के यातायात निरीक्षक हरविंदर सिंह, एसआई कृष्ण कुमार, एएसआई सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल विजय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सुनैना ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई वाहन चालक ओवरलोड वाहन चलाकर सड़क सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। साथ ही टैक्स चोरी, बिना वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन की भी शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर हिसार के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

दस्तावेजों से लेकर वजन तक की हुई जांच

अभियान के दौरान वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC), टैक्स रिकॉर्ड और वाहनों में लदे माल के वजन व चौड़ाई की भी बारीकी से जांच की गई।

जांच में 10 वाहन विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन पर ओवरलोडिंग, दस्तावेजों की कमी, तेज रफ्तार और परिवहन नियमों के उल्लंघन के आरोप में चालान किए गए। कुल 5,50,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिन वाहन चालकों ने मौके पर ही ऑनलाइन चालान राशि जमा कर दी, उन्हें नियमानुसार आगे जाने की अनुमति दी गई।

ओवरलोड वाहनों पर रहेगी सख्त नजर

सीएम फ्लाइंग रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। सरकार की मंशा है कि ऐसे वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वाहन चालकों से सभी जरूरी दस्तावेज हमेशा साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

स्कूल बस संचालकों को भी दी चेतावनी

अभियान के दौरान स्कूल और कॉलेज बसों के लिए भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए। बसों में सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड बॉक्स, प्रशिक्षित अटेंडेंट, वर्दीधारी चालक और निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों को बस में चढ़ाने और उतारने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

सीएम फ्लाइंग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अचानक चेकिंग अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।