दुमका। श्रावणी मेला बासुकीनाथ में श्रद्धालुओं को मिल रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को टीम ने चाय-नाश्ते, प्रसाद और खाद्य सामग्री की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई दुकानों में फंगस लगा पेड़ा और एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स मिलने पर कार्रवाई की गई।
118 किलो फंगस लगा पेड़ा जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के दौरान विभिन्न दुकानों से करीब 118 किलोग्राम फंगस लगा पेड़ा जब्त किया। इसके अलावा एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स और केमिकल युक्त हल्दी भी पाए जाने की जानकारी सामने आई।टीम ने जब्त फंगस लगे पेड़े और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
रोजाना चल रहा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अंजना रानी मिंज ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिदिन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
होटल, प्रसाद की दुकान, चाय-नाश्ते की दुकान और अन्य खाद्य एवं पेय पदार्थों की दुकानों में बिकने वाली सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी की जांच की जा रही है।
दुकानदारों को सख्त चेतावनी
जांच टीम ने दुकानदारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही खाद्य सामग्री बेचने की सख्त हिदायत दी है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नकली, मिलावटी या अशुद्ध खाद्य सामग्री बेचते हुए पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।उन्होंने कहा कि दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
श्रद्धालुओं की सेहत पर विभाग की नजर
श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बासुकीनाथ पहुंच रहे हैं। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार छापेमारी से दुकानदारों में भी हड़कंप है। विभाग ने साफ किया है कि मेला अवधि में खाद्य सामग्री की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।

