सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आज एनसीएल निगाही परियोजना क्षेत्र के पास खनिज विभाग और एनसीएल सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने करीब 32 टन अवैध कोयला जब्त किया। बरामद कोयले की अनुमानित कीमत 2 से 3 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कोयला निगाही खदान के समीप रेलवे लाइन से लगभग 200 मीटर दूर जंगल क्षेत्र में लावारिस हालत में पड़ा मिला। इतनी बड़ी मात्रा में कोयला मिलने के बाद क्षेत्र में कोयला चोरी के संगठित नेटवर्क की चर्चा तेज हो गई है।

READ MORE: बालाघाट डबल मनी कांड: 500 करोड़ घोटाले का मास्टरमाइंड सोमेंद्र कंकराने 7 साथियों समेत गिरफ्तार, धार्मिक नगरियों में छिपकर काट रहा था फरारी

खनिज विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोयला एक-दो दिन में इकट्ठा नहीं किया जा सकता। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से चोरी का कोयला यहां जमा किया जा रहा था और मौके की तलाश में उसे बाहर भेजने की तैयारी थी। कार्रवाई के बाद सुरक्षा की दृष्टि से पूरे कोयले को मोरवा थाना परिसर में रखवा दिया गया है।

READ MORE: बच्चे हैं या स्वीपर! सरकारी स्कूल में छात्राओं से लगवाई झाड़ू, Video वायरल होने से मचा हड़कंप

खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जब्त कोयले की सूचना मोरवा पुलिस को दे दी गई है। खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह अवैध कोयला किसका है और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m