WhatsApp ग्रुप से लेकर फर्जी अधिकारी तक, साइबर ठगों ने अपनाए नए पैंतरे, पुलिस जांच में जुटी


जमशेदपुर। साइबर अपराधियों ने ठगी के नए-नए तरीके अपनाते हुए जमशेदपुर में दो लोगों को अपना शिकार बनाया। गोविंदपुर और घाटशिला में हुई अलग-अलग घटनाओं में साइबर ठगों ने कुल 7.43 लाख रुपये की रकम हड़प ली। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp ग्रुप में जोड़कर शेयर ट्रेडिंग का झांसा

गोविंदपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को WhatsApp ग्रुप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश का लालच दिया। कम समय में रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर ठगों ने पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 4 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।

जब पीड़ित ने निवेश की रकम और मुनाफा वापस निकालने की कोशिश की तो ठगों ने उससे और पैसे की मांग शुरू कर दी। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पेंशन कार्ड अपडेट के नाम पर 3.43 लाख उड़ाए

दूसरी घटना घाटशिला के गोपालपुर की है। यहां साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग को फोन कर खुद को बैंक या सरकारी अधिकारी बताया। ठगों ने पेंशन कार्ड अपडेट करने और रुकी हुई पेंशन शुरू कराने का झांसा दिया।बातों में फंसाकर आरोपियों ने बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी और OTP हासिल कर लिया। इसके बाद खाते से 3.43 लाख रुपये निकाल लिए गए।

साइबर पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी खंगाल रही है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही सोशल मीडिया और WhatsApp पर मिलने वाले शेयर ट्रेडिंग के लुभावने ऑफर्स से भी सावधान रहें।