कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार ने ऐसा फैसला लिया है, जिससे हजारों मरीजों और ग्रामीण परिवारों को सीधा फायदा मिलने वाला है। लंबे समय से बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग के बीच अब प्रदेश सरकार ने दो बड़े निर्णयों को मंजूरी देकर स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। खास बात यह है कि इसका असर सीधे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों पर दिखाई देगा।

दरअसल, सरकार ने सोनीपत के 200 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल को अपग्रेड कर 300 बिस्तरीय बनाने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही हिसार जिले के पनिहार चक में नया उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने का भी फैसला लिया गया है। इन दोनों निर्णयों से हजारों लोगों को घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य के प्रत्येक नागरिक तक आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों को मंजूरी दी है, जिसमें सोनीपत नागरिक अस्पताल का विस्तार भी शामिल है। गौरतलब है कि अस्पताल के अपग्रेडेशन की घोषणा मुख्यमंत्री ने इसी वर्ष बजट सत्र के दौरान की थी।

सोनीपत नागरिक अस्पताल में बेड क्षमता बढ़कर 300 होने से मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल में नए वार्ड, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और अतिरिक्त डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती का रास्ता भी खुलेगा। वहीं हिसार के पनिहार चक में बनने वाले उप-स्वास्थ्य केंद्र से ग्रामीणों को सामान्य इलाज, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और मुफ्त दवाइयां गांव के नजदीक ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।