विनोद सैनी ,हिसार।शहर की मूलभूत समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर नागरिक अधिकार मंच, हिसार ने 26 जुलाई को स्थानीय पंजाबी धर्मशाला में विशाल नागरिक सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। सम्मेलन में शहर के विकास, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और ट्रैफिक जैसी प्रमुख समस्याओं पर व्यापक चर्चा होगी। मंच ने शहरवासियों से इस जनआंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
शनिवार को पंजाबी धर्मशाला में त्रिलोक बंसल की अध्यक्षता में आयोजित एडहॉक कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की जानकारी देते हुए कमेटी सदस्य अनिल शर्मा, नरेश गौतम और अशोक असीजा ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन पूर्व मंडल आयुक्त अशोक कुमार गर्ग करेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में यूको बैंक के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक एवं भिवानी जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश मौजूद रहेंगे।
जनत गांव के आंदोलन और सोनिया हत्याकांड का मुद्दा उठा
बैठक में जनत गांव में पेयजल संकट को लेकर चल रहे ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से तत्काल समाधान की मांग की गई। साथ ही सेक्टर-13 सोनिया हत्याकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर जिला पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की निंदा करते हुए प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इन मुद्दों पर बनेगी रणनीति
सम्मेलन में स्मार्ट बिजली मीटरों पर रोक, बिजली दरों में कमी, सभी नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, सिविल अस्पताल का विस्तार कर पीजीआईएमएस स्थापित करने, सरकारी स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, आवारा पशुओं की समस्या, शहर में बढ़ती चेन स्नैचिंग, नशाखोरी, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं पर ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
सम्मेलन की तैयारियों के लिए बनीं टीमें
सम्मेलन को सफल बनाने के लिए मंच ने तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है। ये टीमें जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार और विभिन्न सामाजिक संगठनों को आमंत्रित करने का कार्य करेंगी।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि “हिसार हम सभी का शहर है। इसके विकास, शांति और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा।” इसी उद्देश्य से उन्होंने शहरवासियों को 26 जुलाई को पंजाबी धर्मशाला में आयोजित नागरिक सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

