० एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, रोहित यादव समेत कई लोगों के ठिकानों पर कार्रवाई, अवैध संपत्ति के दस्तावेजों की जांच जारी
रांची। झारखंड में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह बड़ा अभियान शुरू किया। धनबाद में कोयला माफिया नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए ईडी की टीमों ने एक साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई की जद में एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव समेत उनके सहयोगियों के ठिकाने शामिल हैं।
25 अलग-अलग टीमें कर रही तलाशी अभियान
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मामलों में की जा रही है। ईडी की 25 अलग-अलग टीमें एक साथ विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
ईडी ने इस मामले में पहले ही चार अलग-अलग ईसीआईआर (ECIR) दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच एजेंसी को आशंका है कि आरोपियों ने अवैध कोयला कारोबार के जरिए बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की है। इसी कड़ी में वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने 20 ठिकानों पर की थी छापेमारी
गौरतलब है कि 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने एलबी सिंह और उनके सहयोगियों के धनबाद व दुमका स्थित करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान एजेंसी ने ₹2.20 करोड़ नकद और 150 से अधिक जमीनों के दस्तावेज बरामद किए थे। जांच में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कई अहम साक्ष्य भी मिले थे।फिलहाल ईडी की छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


