राजधानी दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में गुरुवार देर रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे काबू करने के लिए दमकल विभाग की 22 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। करोल बाग की गफ्फार मार्केट के 13 ब्लॉक स्थित ‘चेन वाली गली’ में पुरी प्लाजा की एक दुकान में गुरुवार देर रात आग लग गई। दमकल विभाग को रात करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 22 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है। इसके अलावा आग बुझाने के लिए पानी के अतिरिक्त टैंकर और रोशनी की व्यवस्था के लिए लाइटिंग का सामान भी घटनास्थल पर भेजा गया है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, रात 1:28 बजे करोल बाग थाने में पीसीआर कॉल के जरिए ‘चैन वाली गली’ की एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद करोल बाग थाने के एसएचओ और नाइट स्टाफ तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि आग गफ्फार मार्केट स्थित चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग ‘पुरी प्लाजा’ की दुकान नंबर 13/21 में लगी थी। इस दुकान में मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार होता है।

मोबाइल बैटरियों से शुरू हुई आग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान से शुरू हुई, जहां मोबाइल फोन की बैटरियां रखी हुई थीं। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और इमारत की सभी मंजिलों तक फैल गई। आग बुझाने के लिए मौके पर करीब 20 से 25 दमकल गाड़ियां पहुंचीं। इसके अलावा तीन कैट एंबुलेंस और दो पीसीआर वाहन भी तैनात किए गए।

बैटरियों के ओवरहीट होने की आशंका

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की संभावित वजह मोबाइल बैटरियों का ओवरहीट होना या ओवरचार्ज होना माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इसके लिए दमकल विभाग और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर से रिपोर्ट मांगी जाएगी। घटनास्थल पर मौजूद डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एम.के. चट्टोपाध्याय ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास के दौरान बिल्डिंग से लगातार धुआं निकल रहा था। इमारत में वेंटिलेशन की उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे दमकलकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में आने-जाने के लिए केवल एक सीढ़ी है और प्रत्येक मंजिल पर करीब 14 से 15 दुकानें बनी हुई हैं। आग बुझाने के दौरान अंदर काफी गर्मी महसूस हो रही है। इसके बावजूद दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन घंटों में आग बुझाने और अन्य जरूरी कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।

ग्राउंड फ्लोर से ऊपर की मंजिलों तक फैली आग

डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर के मुताबिक, दमकल विभाग को रात करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इमारत में एक बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें (जी+3) हैं। उन्होंने बताया कि बेसमेंट सुरक्षित है, जबकि आग ग्राउंड फ्लोर की एक या दो दुकानों में लगी और धीरे-धीरे ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज और क्रॉकरी की दुकानें संचालित होती थीं। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद दमकल विभाग की ओर से इमारत में तलाशी अभियान चलाया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ तो नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m