जींद। जींद जिले में पूर्व सैनिक (ईएसएम) कोटे के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। जुलाना थाना पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ कथित तौर पर गलत तरीके से आर्मी कोटे का लाभ लेकर पुलिस विभाग में नौकरी हासिल करने के आरोप में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता कमला दहिया ने आरोप लगाया है कि गतौली गांव निवासी सेवानिवृत्त सैनिक हरिओम के दोनों बेटों ने अलग-अलग समय पर एक ही आर्मी कोटे का लाभ लेकर पुलिस भर्ती में चयन प्राप्त किया। जानकारी के अनुसार, बड़े बेटे दलेल का चयन वर्ष 2008 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे भूपेंद्र ने वर्ष 2014 में इसी श्रेणी का लाभ लेकर पुलिस में भर्ती हासिल की।
पूर्व सैनिक कोटे का लाभ सिर्फ एक आश्रित को
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नियमों के अनुसार पूर्व सैनिक कोटे का लाभ परिवार के केवल एक आश्रित को ही दिया जा सकता है। इसके बावजूद दोनों भाइयों के चयन होने पर सवाल खड़े हुए हैं।मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की और प्रथम दृष्टया अनियमितता पाए जाने पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वर्तमान में दोनों पुलिस विभाग में मुख्य सिपाही के पद पर कार्यरत हैं।
मामले की जांच जारी
जुलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

