शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुए भीषण जहरीली शराबकांड के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ी दंडात्मक कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के कई बड़े अधिकारियों पर गाज गिराई है। वहीं दूसरी ओर, घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बंडा में शव सड़क पर रखकर सागर-छतरपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
उपायुक्त अटैच, 3 अधिकारी सस्पेंड, थाना और चौकी प्रभारी निलंबित
शराबकांड में प्रशासनिक लापरवाही सामने आने के बाद शासन ने त्वरित कार्रवाई की है। आबकारी उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से ग्वालियर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। तीन अधिकारी निलंबित इनमें कीर्ति दुबे (सहायक आयुक्त, आबकारी, सागर), दिलीप खंडाते (सहायक जिला आबकारी अधिकारी, सागर), प्रोशनी उरेती (आबकारी उप निरीक्षक, वृत बंडा) शामिल है। सागर शराबकांड मामले में चौकी और थाना प्रभारी को निलंबित किया गया है। सागर के गूगरा चौकी प्रभारी और बंडा थाना प्रभारी को भी निलंबित कर दिया गया है।
MP जहरीली शराबकांड: मौतों का आंकड़ा 11 तक पहुंचा, एक्शन में सरकार, कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला
सड़क पर शव रखकर चक्काजाम, कांग्रेस भी प्रदर्शन में शामिल
हादसे के बाद बंडा में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे सागर-छतरपुर मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक मुआवजा देने और अवैध शराब के मुख्य आरोपियों व उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में घायलों का आना जारी
उधर, जहरीली शराब के सेवन से बीमार पड़े लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें बंडा से सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर करने का सिलसिला लगातार जारी है। अस्पताल प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों की विशेष टीम पीड़ितों के इलाज में जुटी हुई है।
MP सागर में जहरीली शराब सप्लाई में सक्रिय था यूपी का रैकेट: ललितपुर से होती थी नकली शराब सप्लाई
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


