शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हुआ दर्दनाक हादसा लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। अपुष्ट सूत्रों और स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, इस शराबकांड में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 9 से 11 हो गई है, हालांकि अभी तक मौतों के इस नए आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जहां एक तरफ मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

सरकार का कड़ा रुख: दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

मामला सामने आने के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) पर पोस्ट कर पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सीएम का सख्त निर्देश: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों को मौके पर भेजा

मंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया कि उन्होंने सागर के कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली है। प्रशासनिक स्थिति का जायजा लेने के लिए आबकारी आयुक्त को तुरंत मौके पर भेजा गया है। उन्होंने साफ कहा कि हादसे का जिम्मेदार चाहे जो भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

भाजपा सरकार में फला-फूला जहरीली शराब का कारोबार’

सागर शराबकांड को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने प्रदेश सरकार के सुशासन के दावों की पोल खोलते हुए तीखा हमला बोला। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने कहा, “प्रदेश में भाजपा के लोग सुशासन की बातें करते हैं, लेकिन अब भाजपा सरकार पूरी तरह एक्सपोज हो चुकी है। राज्य में जारी भ्रष्टाचार, करप्शन और कमीशनखोरी मासूम लोगों की जान ले रही है।”

शराब माफिया से सांठगांठ का आरोप

उन्होंने मुरैना और उज्जैन में हुए पुराने शराबकांडों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन अवैध गतिविधियों में भाजपा से जुड़े लोग लिप्त पाए जाते हैं। मध्य प्रदेश पूरी तरह से जहरीली शराब के नेटवर्क में डूब चुका है और भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। इस भीषण हादसे के बाद सागर जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है और अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m