गुलशन कुमार/महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ जिले की होनहार छात्रा भव्या गुणवाल, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन किया, उन्हें भारत सरकार ने एक और बड़ा सम्मान दिया है। भव्या को 15 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान
यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों की सराहना के रूप में दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन रक्षा मंत्रालय करेगा, जबकि परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) को सभी ओलंपियाड छात्रों की भागीदारी का समन्वय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यात्रा, आवास और सुरक्षा की होगी व्यवस्था
भव्या गुणवाल और उनके साथ आने वाले एक अभिभावक या जिम्मेदार वयस्क के लिए 14 से 16 अगस्त तक यात्रा, आवास और सुरक्षा मंजूरी की पूरी व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा कारणों से अन्य परिवार के सदस्यों को समारोह में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।
समय सीमा में देनी होगी जानकारी
यह निमंत्रण पूरी तरह स्वैच्छिक है। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से अपनी व्यक्तिगत जानकारी की पुष्टि और साथ आने वाले अभिभावक का विवरण निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
महेंद्रगढ़ और हरियाणा के लिए गर्व का क्षण
भव्या गुणवाल को मिला यह सम्मान न केवल उनकी मेहनत और उपलब्धि की पहचान है, बल्कि पूरे महेंद्रगढ़ और हरियाणा के लिए भी गर्व की बात है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय समारोह में लाल किले पर विशेष अतिथि के रूप में शामिल होना उनके जीवन का यादगार अवसर होगा।
कई प्रमुख हस्तियों ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई प्रमुख हस्तियों ने सोशल मीडिया पर भव्या को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


