सुमन चौहान, करनाल, 4 अगस्त। बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में मंगलवार को अत्याधुनिक एसीटीटीएस रोबोटिक स्किल सेंटर का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और इंडस्ट्री 4.0 जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगा।

इन गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन के प्रबंध निदेशक राजेश गोयल, स्किल डेवलपमेंट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के उपनिदेशक मनोज भारद्वाज, एसीटीटीएस के प्रबंध निदेशक सुनील बुंदेला, संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार, राकेश भाटिया सहित संस्थान का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
विधायक ने आधुनिक सुविधाओं की सराहना की
विधायक जगमोहन आनंद ने रोबोटिक स्किल सेंटर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के लिए विकसित आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज का दौर तकनीक और नवाचार का है। ऐसे स्किल सेंटर युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल देने के साथ-साथ वैश्विक स्तर की तकनीकी चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगे।
मंत्री की जगह इन अधिकारियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम द्वारा किया जाना प्रस्तावित था। हालांकि अपरिहार्य कारणों से उनके शामिल न हो पाने पर हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन के प्रबंध निदेशक राजेश गोयल और स्किल डेवलपमेंट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के उपनिदेशक मनोज भारद्वाज ने संयुक्त रूप से एसीटीटीएस रोबोटिक स्किल सेंटर का उद्घाटन किया।
युवाओं के कौशल विकास पर सरकार का जोर
मुख्य अतिथि ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। आधुनिक प्रयोगशालाएं और प्रशिक्षण केंद्र युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेंगे और प्रदेश को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में करीब 2,000 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अतिथियों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया।
अंत में जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रशासन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही विश्वास जताया कि एसीटीटीएस रोबोटिक स्किल सेंटर प्रदेश के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


