दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री ऊर्जा मार्गों में शामिल Strait of Hormuz में एक ऑयल टैंकर के Sea Mine से टकराने के बाद विस्फोट होने की खबर सामने आई है। ईरान की न्यूज एजेंसी Tasnim के मुताबिक, टैंकर ईरान की ओर से निर्धारित समुद्री मार्ग से भटक गया था। इसके बाद वह समुद्र में मौजूद माइन की चपेट में आ गया और उसमें जोरदार धमाका हो गया।

हालांकि, इस घटना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। ईरानी अधिकारियों की ओर से भी अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

टैंकर और क्रू को लेकर जानकारी स्पष्ट नहीं

रिपोर्ट में अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विस्फोट की चपेट में आया टैंकर कौन-सा था और उसका संबंध किस देश से था। इसके अलावा, टैंकर में कितने क्रू मेंबर्स सवार थे, वह किस गंतव्य की ओर जा रहा था और हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की जानकारी भी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव के बीच घटना

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब खाड़ी क्षेत्र में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। फरवरी में अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद से Strait of Hormuz में समुद्री यातायात पर गंभीर असर पड़ने की खबरें सामने आती रही हैं।

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए क्यों अहम है Strait of Hormuz?

Strait of Hormuz वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है। सऊदी अरब और कुवैत समेत खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख तेल उत्पादक देशों से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल इसी रास्ते एशिया, यूरोप और दुनिया के अन्य बाजारों तक पहुंचता है।

ऐसे में इस जलमार्ग में किसी भी तरह की बाधा से वैश्विक तेल आपूर्ति, कच्चे तेल की कीमतों और ऊर्जा बाजारों पर सीधा असर पड़ सकता है। यही वजह है कि Strait of Hormuz में हुई इस कथित Sea Mine घटना पर दुनियाभर के ऊर्जा बाजारों और रणनीतिक विशेषज्ञों की नजर बनी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m