चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शुक्रवार देर रात 15 आईपीएस (IPS) और 21 एचपीएस (HPS) अधिकारियों के तबादला एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इस व्यापक बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सरकार के आदेश के अनुसार, पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन का चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, आलोक कुमार मित्तल को महानिदेशक (जेल) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें हरियाणा के रेजीडेंट कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
हाल ही में डीजीपी पद पर पदोन्नत हुए नवदीप सिंह विर्क को हरियाणा स्टेट एन्फोर्समेंट ब्यूरो का महानिदेशक तथा विजिलेंस एवं सुरक्षा (HPUS) का निदेशक बनाया गया है। वहीं उनकी पत्नी और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कला रामचंद्रन को डीजीपी (प्रशिक्षण) एवं हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन की निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा चारू बाली को एडीजीपी साइबर, आईटी, एससीआरबी के साथ भोंडसी पुलिस कॉम्प्लेक्स का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. सी.एस. राव को होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस के कमांडेंट जनरल का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है, जबकि वे एडीजीपी एचआर एंड लिटिगेशन का कार्य भी संभालते रहेंगे।
विकास अरोड़ा को एडीजीपी ईआरएसएस, ट्रैफिक एवं हाईवे के साथ टेलीकम्युनिकेशन मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राकेश कुमार आर्य को स्टेट क्राइम ब्रांच के साथ आईजी कानून-व्यवस्था का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा मनीष चौधरी को आईजी रेलवे एवं कमांडो के साथ आईजी जेल, अशोक कुमार को आईजी करनाल रेंज के साथ एचएपी मधुबन, तथा नाजनीन भसीन को आईजी सीआईडी मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य नियुक्तियों में सुरेंद्र पाल सिंह को डीआईजी एसटीएफ, राजिंदर कुमार मीणा को जॉइंट सीपी फरीदाबाद, डॉ. अंशु सिंगला को डीसीपी मुख्यालय गुरुग्राम, सुरेंद्र सिंह भोरिया को एसपी एसटीएफ पंचकूला के साथ एसपी कमांडो नेवल एवं एसपी लॉ एंड ऑर्डर पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं एचपीएस अधिकारी अनिल कुमार को एसपी एसटीएफ करनाल नियुक्त किया गया है।
इन HPS अधिकारियों का भी हुआ तबादला
सरकार ने 21 एचपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। इनमें शक्ति सिंह, अरविंद कांबोज, रविंदर सिंह, सतीश कुमार, सुनील कुमार, आशीष चौधरी, विकास कुमार, राजबीर सिंह, कुलदीप सिंह, धर्मबीर सिंह, संजीव कुमार, जितेंद्र कुमार, ओम प्रकाश, जय प्रकाश, जितेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, राज सिंह, विकास कृष्ण और जसपाल सिंह सहित कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह तबादले तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

