NEET UG पेपर लीक मामले की जांच में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने राउज एवेन्यू कोर्ट को बताया है कि इस मामले में तैयार की गई चार्जशीट लगभग 20 हजार पन्नों की है। मामले की सुनवाई के दौरान एजेंसी ने अदालत को जांच की प्रगति और दस्तावेजों की स्थिति से अवगत कराया। सुनवाई के दौरान CBI ने कहा कि मामले की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य रिकॉर्ड एकत्र किए गए हैं, जिनके आधार पर विस्तृत चार्जशीट तैयार की गई है।
एजेंसी के अनुसार, मामले की प्रकृति और आरोपियों की संख्या को देखते हुए चार्जशीट का आकार काफी बड़ा है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI को चार्जशीट के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज और संबंधित रिकॉर्ड जमा करने के लिए अतिरिक्त समय प्रदान किया है। इस मामले को लेकर लंबे समय तक युवाओं और छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया था तथा सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। सरकार की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अब जांच प्रक्रिया में एक अहम कदम सामने आया है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने NEET UG पेपर लीक मामले में दाखिल चार्जशीट को रिकॉर्ड पर ले लिया है।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने CBI से चार्जशीट में शामिल बयानों और अन्य दस्तावेजों की स्थिति को लेकर सवाल किया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा कि चार्जशीट में जिन बयानों और दूसरे दस्तावेजों का उल्लेख किया गया है, वे रिकॉर्ड पर कहां हैं। इस पर CBI की ओर से बताया गया कि संबंधित दस्तावेजों को तैयार करने और जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। अदालत ने CBI को समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त के लिए निर्धारित कर दी है। अब अगली सुनवाई में जांच एजेंसी की ओर से बाकी दस्तावेज रिकॉर्ड पर पेश किए जाने की संभावना है।
CBI की ओर से दाखिल चार्जशीट में 422 दस्तावेजों, 360 गवाहों की सूची और 43 भौतिक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। मामले में फिलहाल 13 आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के तीन विषय विशेषज्ञों के अलावा कोचिंग सेंटर से जुड़े कुछ लोग भी शामिल हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर विस्तृत आरोपपत्र तैयार किया गया है। NEET UG पेपर लीक मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं। जांच एजेंसियां कथित पेपर लीक, साजिश और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं।
चार्जशीट में 13 आरोपियों के नाम
NEET UG पेपर लीक मामले में CBI की ओर से दाखिल चार्जशीट में 13 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं। आरोपपत्र में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के तीन विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ कई बिचौलियों और कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों को आरोपी बनाया गया है। चार्जशीट में शामिल NTA विशेषज्ञों में जीवविज्ञान विशेषज्ञ मनीषा मंधारे, रसायन विज्ञान विशेषज्ञ प्रल्हाद विट्ठलराव और भौतिकी विशेषज्ञ मनीषा संजय हवलदार के नाम शामिल हैं। इसके अलावा जांच एजेंसी ने कई बिचौलियों को भी आरोपी बनाया है। इनमें मनीषा संजय वाघमारे, धनंजय निवृत्ति लोखंडे, शुभम मधुकर खैरनार, यश यादव, मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और डॉ. मनोज भगवानराव शिरुरे के नाम शामिल हैं।
CBI की चार्जशीट में लातूर स्थित आरसीसी कोचिंग इंस्टीट्यूट के मालिक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर और पुणे स्थित एपीएमए कोचिंग इंस्टीट्यूट के भौतिकी संकाय व सीओओ तेजस हर्षदकुमार शाह का नाम भी शामिल किया गया है। जांच एजेंसी ने इस मामले में करीब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें 422 दस्तावेज, 360 गवाहों की सूची और 43 भौतिक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। मामले में सभी 13 आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


