बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ नगर परिषद (Bahadurgarh) की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा उर्फ पालेराम शर्मा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हो गया, जिसके बाद उन्हें अपने पद से हटना पड़ा।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई मतदान प्रक्रिया
शुक्रवार, 15 मई को नगर परिषद कार्यालय में इस अहम अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान के लिए विशेष बैठक आयोजित की गई थी। पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) जगनिवास को प्राधिकृत अधिकारी के रूप में तैनात किया गया था। नगर परिषद परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, वहीं सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज़ रहीं।
चेयरपर्सन सहित 6 पार्षद रहे अनुपस्थित
इस शक्ति परीक्षण में कुल 26 पार्षद मौजूद रहे और सभी ने वाइस चेयरमैन के खिलाफ मतदान किया। वहीं नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी सहित 6 पार्षद बैठक से अनुपस्थित रहे।
अनुपस्थित पार्षदों के नाम:
सरोज राठी (चेयरपर्सन)
राजपाल शर्मा (वार्ड 4 – निवर्तमान वाइस चेयरमैन)
राजेश तंवर (वार्ड 6)
प्रवीन छिल्लर (वार्ड 8)
सविता सैनी (वार्ड 14)
प्रवीन (वार्ड 22)
मार्च में शुरू हुआ था विवाद
वाइस चेयरमैन के खिलाफ असंतोष काफी समय से चल रहा था। इसकी शुरुआत 17 मार्च को हुई थी, जब 25 पार्षदों ने एकजुट होकर उपायुक्त को शपथ पत्र सौंपते हुए अविश्वास प्रस्ताव की मांग की थी।
इसके बाद 9 अप्रैल को प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास को इस पूरी प्रक्रिया के संचालन के लिए अधिकृत किया और 15 मई को बैठक की तारीख तय की गई।
आखिरकार, भारी बहुमत से प्रस्ताव पारित होने के बाद नगर परिषद में सत्ता संतुलन पूरी तरह बदल गया है।

