करनाल। दिल्ली और पंजाब की ओर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को अगले एक सप्ताह तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे विभाग द्वारा मोहड़ी और शाहाबाद रेलवे स्टेशन के बीच मरम्मत और तकनीकी कार्य किए जाने के कारण 30 मई से 6 जून तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

रेलवे की ओर से लिए गए ब्लॉक के चलते कुल 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा। इनमें 11 ट्रेनें 6 जून को रद्द रहेंगी, जबकि 16 ट्रेनों का संचालन 30 मई से 5 जून तक प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनों को डायवर्ट रूट से चलाया जाएगा।

इन प्रमुख ट्रेनों पर असर

प्रभावित ट्रेनों में शताब्दी एक्सप्रेस, गरीब रथ, आम्रपाली एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, जम्मू मेल, पूजा एक्सप्रेस, बठिंडा एक्सप्रेस, टाटा-मूरी एक्सप्रेस और नेताजी एक्सप्रेस जैसी अहम ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने की अपील की है।

6 जून को प्रभावित रहने वाली ट्रेनें

6 जून को 12046, 14508, 14507, 14680, 14679, 12925, 12926, 15708, 22430, 14218 और 12715 नंबर की ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।

30 मई से 5 जून तक इन ट्रेनों पर असर

64481, 64532, 14053, 14054, 13051, 13052, 11077, 11905, 20434, 12414, 12983 और 12984 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें से कुछ ट्रेनों को लुधियाना-जाखल-सहारनपुर रूट से डायवर्ट कर चलाया जाएगा।

यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किल

रेलवे अधिकारियों के अनुसार दिल्ली-पंजाब रूट पर रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं। ट्रेनों के रद्द होने और रूट बदलने से यात्रियों का समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे। स्टेशन पर यात्रियों की सहायता के लिए अतिरिक्त हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र बनाए जा रहे हैं।

यात्रियों ने जताई नाराजगी

यात्री भूपेश ने कहा कि ट्रेनें बंद होने से मासिक बजट प्रभावित होगा, क्योंकि अब बसों या अन्य साधनों से सफर करना पड़ेगा। वहीं मोहित ने बताया कि रोजाना ट्रेन से यात्रा करने वालों को अब अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ेगी।

टिकट कैंसिल कराने पर मिलेगा रिफंड

रेलवे ने बताया कि जिन यात्रियों ने इन तारीखों के लिए टिकट बुक करवाई है, उन्हें टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड दिया जाएगा।

स्टेशन अधीक्षक संजय सक्सेना ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर ट्रेनों की पूरी जानकारी और नया शेड्यूल उपलब्ध कराया जाएगा।