रांची। झारखंड में लगातार बारिश के बीच अब फ्लैश फ्लड का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में अचानक बाढ़ की आशंका जताई है। कई इलाकों में पहले से जमीन पानी से संतृप्त है, ऐसे में तेज बारिश होने पर नदियों-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
फ्लैश फ्लड की आशंका गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में जताई गई है। चेतावनी बुधवार तक प्रभावी रहेगी।
नदी-नालों से रहें दूर
तेज बारिश के दौरान नदी, नाले और पुल-पुलिया पर अचानक पानी का बहाव बढ़ सकता है। निचले इलाकों में कुछ ही समय में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और जलजमाव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

रांची में बदला मौसम, कांके में 57.5 MM बारिश
राजधानी रांची में मंगलवार को रुक-रुककर बारिश हुई। यहां 24 घंटे में 21.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कांके में सबसे ज्यादा 57.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। बोकारो में 43.4, डालटनगंज में 22.6, चाईबासा में 19 और जमशेदपुर में 6.8 मिलीमीटर बारिश हुई।बारिश के कारण रांची का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है।
2 और 3 सितंबर को भी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 सितंबर को भी बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
प्रशासन भी रहे अलर्ट
फ्लैश फ्लड के खतरे को देखते हुए निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी की जरूरत है। लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों, पुलों और जलजमाव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखें और मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करें।



